तेज रफ्तार का कहर ! नवादा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की बीच सड़क पर दर्दनाक मौत

Nawada Road Accident
Nawada Road Accident - फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा में मंगलवार को एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कादिरगंज थाना क्षेत्र के डाक बाबा के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। मृतक की पहचान गया यादव के रूप में हुई है। गया यादव मंगल बीघा में रहकर दूध का कारोबार करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं।


परिजनों के अनुसार, गया यादव बाइक से जा रहा था, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव को अस्पताल ले जाया गया।


मृतक के परिजन संजय यादव ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का आग्रह किया है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।


इस घटना ने एक बार फिर नवादा में तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से यातायात नियमों को सख्त करने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


अमन की रिपोर्ट