Bihar Crime: बिहार में में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, CCTV में कैद हुआ वारदात
Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ...
Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। भोजपुर जिले के आरा में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नवादा थाना क्षेत्र के धोबी घाट मोहल्ला स्थित शिवपथ में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन झपटकर बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला अपना संतुलन खो बैठीं और घर की सीढ़ियों से नीचे गिरकर घायल हो गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बाजार समिति गई थीं। खरीदारी करने के बाद वह अपने छोटे पोते के साथ घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के दरवाजे के पास पहुंचीं, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंच गए। दोनों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था।महिला के घर के अंदर प्रवेश करने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने बेहद तेजी से उनके गले पर झपट्टा मारा और चेन खींचकर फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गईं और संतुलन बिगड़ने के कारण सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ीं। घटना में उन्हें चोट लगने की बात सामने आई है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चेन स्नैचिंग की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि बाइक सवार दो अपराधी महिला के घर के पास पहुंचते हैं। महिला जैसे ही दरवाजे के भीतर जाने लगती हैं, उसी वक्त एक अपराधी उनके गले से चेन झपट लेता है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो जाते हैं।दिनदहाड़े और आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे महिलाओं और बुजुर्गों में खास तौर पर डर का माहौल बना हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल
घटना के बाद परिवार की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने की बात कही गई है। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं आवेदन दिए जाने के बाद भी अब तक मामला दर्ज नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है।हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक कार्रवाई या प्राथमिकी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की उम्मीद बढ़ी है।स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की तफ्तीश तेज करने, CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर अपराधियों पर जल्द शिकंजा नहीं कसा गया तो ऐसी वारदातों पर लगाम लगाना मुश्किल होगा।रक्षाबंधन जैसे त्योहार के मौके पर खरीदारी कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला को निशाना बनाए जाने से इलाके में नाराजगी भी है। अब देखना होगा कि पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों तक कब पहुंचती है और इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार