Gopal Khemka murder case: गोपाल खेमका हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक साव का नालंदा कनेक्शन, कॉन्ट्रैक्ट किलर को दी थी 10 लाख की सुपारी

Gopal Khemka murder case: पटना के उद्योगपति गोपाल खेमका के हत्या का मास्टरमाइंड अशोक साव बिहार शरीफ लहेरी थाना के मथुरिया मुहल्ला का रहने वाला है।

Gopal Khemka murder case
गोपाल खेमका हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक साव का नालंदा कनेक्शन- फोटो : reporter

Gopal Khemka murder case: पटना के नामचीन उद्योगपति गोपाल खेमका की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के मास्टरमाइंड अशोक साव को पुलिस ने  दबोच लिया है। आरोपी अशोक साव खुद भी कारोबारी है और लंबे समय से खेमका के संपर्क में था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह पुरानी रंजिश और व्यावसायिक दुश्मनी के चलते इस हत्या की साजिश रच रहा था।पटना के उद्योगपति गोपाल खेमका के हत्या का मास्टरमाइंड अशोक साव बिहार शरीफ लहेरी थाना के मथुरिया मुहल्ला का रहने वाला है।

जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर अशोक साव को चिन्हित किया गया। पुलिस को शक तो पहले से ही था, लेकिन अब पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश की बात स्वीकार कर ली है।

हैरत की बात यह है कि अशोक साव ने इस हत्या को अंजाम देने के लिए एक कॉन्ट्रैक्ट किलर उमेश यादव को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। उमेश को एक लाख रुपये एडवांस में दिए गए थे। पुलिस ने उमेश यादव को भी पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बाइक, पिस्टल, 80 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और ₹1 लाख नगद बरामद कर लिए हैं।

यह मामला तब और संवेदनशील बन गया जब पता चला कि सात साल पहले खेमका के बेटे की भी हत्या हाजीपुर में कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह खेमका की उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे राजधानी में दहशत फैल गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस पर विपक्ष ने बिहार सरकार को कानून-व्यवस्था को लेकर घेरना शुरू कर दिया था।

अब मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पटना पुलिस केस के बाकी कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। फिलहाल अन्य सहयोगियों और साजिशकर्ताओं की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय