Bihar Crime:'साइको' ने मचाई तबाही, इलेक्ट्रिक शोरूम को लगाई आग, जलकर राख हुआ लाखों का सामान
Bihar Crime: एक इलेक्ट्रिक शोरूम पूरी तरह जलकर राख हो गया है। यह घटना जिले में एक खौफनाक 'साइको' के तांडव का नतीजा है....

Bihar Crime: औरंगाबाद जिला मुख्यालय में स्थित एक इलेक्ट्रिक शोरूम पूरी तरह जलकर राख हो गया है। यह घटना जिले में एक खौफनाक 'साइको' के तांडव का नतीजा है, जिसने मामूली विवाद के बाद लाखों की संपत्ति को पल भर में राख के ढेर में बदल दिया। शोरूम मालिक अशोक कुमार सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अशोक कुमार सिंह, जो सत्येंद्र नगर स्थित जय मां कॉलोनी के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि यह सारा बवाल एक ई-स्कूटी को लेकर शुरू हुआ। इस्लाम टोली निवासी विष्णु शरण नाम के एक शख्स ने 31 मार्च 2025 को उनके शोरूम से एक ई-स्कूटी खरीदी थी। 25 जून को विष्णु शरण शोरूम पहुंचा और स्कूटी खराब होने की शिकायत की। एजेंसी ने स्कूटी को ठीक करके 27 जून को उसे वापस सौंप दिया।
लेकिन, इसके बाद जो हुआ वह बेहद चौंकाने वाला था। विष्णु शरण का परिजन प्रेम कुमार शोरूम पहुंचा और बिना किसी उकसावे के अशोक कुमार सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में अशोक कुमार सिंह की दाहिनी हाथ की एक अंगुली टूट गई। इतना ही नहीं, हमलावरों ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी और खुलेआम कहा, "पता कर लेना मैं साइको हूं।" उसी समय उन्होंने शोरूम को जलाने की धमकी भी दी थी।
बीती शाम अशोक कुमार सिंह अपना शोरूम बंद कर घर चले गए। कुछ देर बाद मकान मालिक का फोन आया कि शोरूम में भीषण आग लगी है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहाँ अफरा-तफरी मच गई। जब अशोक कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे, तो अपने शोरूम को धू-धू कर जलता देख उनके होश उड़ गए।
अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में उनके सात ई-रिक्शा, 36 ई-स्कूटी, स्पेयर पार्ट्स, चाइल्ड जीप और मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गए। इस अराजक और आपराधिक वारदात से उन्हें लगभग 50 लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है। पुलिस अब इस 'साइको' और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है, ताकि इस जघन्य कृत्य के पीछे के मंसूबों का पता लगाया जा सके और उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट