Bihar Crime:नौकर निकला मास्टरमाइंड, कोलकाता में करोड़ों के हीरे-जेवरात पर किया हाथ साफ, बिहार से दबोचा गया मास्टरमाइंड

Bihar Crime:कोलकाता की आलीशान कोठी में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का आखिरकार चौंकाने वाला खुलासा हो गया।...

Banka Police Bust Interstate Theft Ring Accused Arrested
नौकर निकला शातिर उस्ताद- फोटो : reporter

Bihar Crime:कोलकाता की आलीशान कोठी में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का आखिरकार चौंकाने वाला खुलासा हो गया। जिस शख्स पर घर की हिफाजत की जिम्मेदारी थी, वही निकला सबसे बड़ा गुनहगार। बांका पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए इस शातिर मुलजिम को धर दबोचा और उसके पास से हीरे-पन्ने जड़े 16 कीमती जेवरात बरामद किए। इस गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में जहां सुकून है, वहीं अपराध जगत में खलबली मच गई है।

अमरपुर थाना इलाके के दुधियाटीकर गांव का रहने वाला सुनील कुमार यादव, कोलकाता में एक रईस खानदान के यहां घरेलू नौकर के तौर पर काम करता था। धीरे-धीरे उसने मालिक का भरोसा जीता और फिर उसी भरोसे को तोड़ते हुए तिजोरी पर हाथ साफ कर दिया। हीरे की अंगूठियां, पन्ना जड़ा ब्रेसलेट, सोने की चेन और जड़ाऊ झुमकों समेत कुल 16 बेशकीमती आभूषण लेकर वह फरार हो गया। वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब कोलकाता पुलिस के इनपुट और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। सूचना मिली कि वह बांका जिले के ओढ़नी डैम के पास छिपा बैठा है। जैसे ही यह खबर अमरपुर पुलिस तक पहुंची, थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में फौरन जाल बिछाया गया। चारों तरफ से घेराबंदी कर इस शातिर को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के पास से चोरी के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, अब उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है और जल्द ही ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाया जाएगा। इस पूरे ऑपरेशन में बांका एसडीपीओ अमर विश्वास, अमरपुर थाना की टीम और ओढ़नी डैम थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।

यह वारदात एक बार फिर साबित करती है कि गुनाह कितना भी चालाकी से क्यों न किया जाए, कानून के हाथ लंबे होते हैं और आखिरकार हर मुजरिम सलाखों के पीछे ही पहुंचता है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट