Bihar Crime: युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्तों पर धोखे से ले जाने का आरोप, 4 हिरासत में

Bihar Crime:युवक साजन कुमार उर्फ गोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई।....

Bihar Crime: युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्तों पर धोखे से ले
युवक की गोली मारकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बघैला बहियार के पास शुक्रवार रात 18 वर्षीय युवक साजन कुमार उर्फ गोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव सड़क किनारे बहियार में पड़ा मिला। मृतक भरडीहा गांव का रहने वाला था। शव पर घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक के सिर में गोली मारी गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों के अनुसार, साजन शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर पर था। इसी दौरान गांव और आसपास के पांच युवक अलग-अलग बाइक से उसके घर पहुंचे और किसी बहाने उसे अपने साथ ले गए। करीब साढ़े आठ बजे उन्हीं युवकों ने साजन की मां को फोन कर पूछा कि वह घर पहुंचा है या नहीं। इसके बाद परिजनों को शक हुआ। परिवार ने साजन के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

करीब साढ़े नौ बजे दोस्तों की ओर से ही घर पर फोन कर साजन की हत्या किए जाने और शव को बहियार में फेंके जाने की सूचना दी गई। इसके बाद परिजन आनन-फानन में बघैला बहियार पहुंचे, जहां साजन का शव खून से लथपथ पड़ा था।रिश्तेदार जगनाथ पासवान के अनुसार, युवक की हत्या बेहद गंभीर परिस्थितियों में की गई है। परिजनों ने साजन को धोखे से घर से बुलाकर ले जाने और उसके बाद हत्या करने का आरोप उसके दोस्तों पर लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ के बाद हत्या की वजह तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री