Bihar Crime: मंदिर में चोरी का विरोध पड़ा भारी, दिव्यांग युवक के मुंह में अपराधियों ने मारी गोली

Bihar Crime: सूर्य मंदिर में चोरी का विरोध करने पर एक दिव्यांग युवक को कथित तौर पर गोली मार दी गई।

Begusarai Disabled Man Shot in Mouth
मंदिर में चोरी का विरोध पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा गांव में बदमाशों का दुस्साहस सामने आया है। सूर्य मंदिर में चोरी का विरोध करने पर एक दिव्यांग युवक को कथित तौर पर गोली मार दी गई। बदमाशों ने युवक के मुंह में गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मुजफ्फरा गांव स्थित सूर्य मंदिर में कुछ बदमाश चोरी की नीयत से पहुंचे थे। इसी दौरान दिव्यांग युवक ने कथित तौर पर उन्हें चोरी करने से रोकने की कोशिश की। आरोप है कि विरोध से बौखलाए बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और इसके बाद उसके मुंह में गोली दाग दी। गोली की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में रोष और खौफ का माहौल कायम हो गया। लोगों ने पुलिस से वारदात में शामिल बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाके का जायजा लिया तथा वारदात से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश की। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

धार्मिक स्थल पर चोरी की कोशिश और उसका विरोध करने पर दिव्यांग युवक को गोली मारने की इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और गोली चलाने वाले बदमाश कौन थे। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री