Bihar Crime: बेगूसराय में डबल शॉक, 12 घंटे में मासूम की गोली मारकर हत्या, बोरे में बंद युवक का शव मिला, भगवानपुर में तनाव चरम पर

Bihar Crime: 12 घंटे के अंतराल में हुई दो घटनाओं ने दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।...

begusarai Murder
बेगूसराय में डबल शॉक- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में 12 घंटे के भीतर दो दिल दहलाने वाली घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बुधवार  की शाम एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की गोली मारकर हत्या के बाद गुरुवार की सुबह ताजपुर तीन बटिया के पास बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों घटनाएं भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुईं, जिसके कारण इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है, लेकिन लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।

गुरुवार की सुबह ताजपुर तीन बटिया सड़क के किनारे स्थानीय लोगों ने एक बोरे में बंद करीब 25 वर्षीय युवक का शव देखा। बोरे से दुर्गंध आने के कारण लोगों ने तुरंत भगवानपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। प्रारंभिक जांच में शव को सड़ने की स्थिति में बताया जा रहा है, जिससे आशंका है कि हत्या कुछ दिन पहले की गई होगी। 

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और विभिन्न एंगल्स से जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस को शक है कि साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में बंदकर फेंका गया। इस घटना ने भगवानपुर थाना क्षेत्र में पहले से व्याप्त तनाव को और बढ़ा दिया है।

Nsmch

इससे पहले, बुधवार की शाम भगवानपुर थाना क्षेत्र के मानोपुर गांव के करजान टोल (वार्ड संख्या 8) में एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची रीतिका कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका काजी रसलपुर निवासी रंजन साह की इकलौती बेटी थी, जो अपनी मां निर्जला देवी के साथ ननिहाल (मानोपुर) आई थी। ग्रामीणों के अनुसार, बदमाश मृतका के नाना अमरजीत साह को ढूंढने उनके घर पहुंचे थे। अमरजीत के घर पर न होने पर बदमाशों ने मासूम रीतिका को गोली मार दी और फरार हो गए। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

इस निर्मम हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने भगवानपुर-समसा पीडब्ल्यूडी पथ पर मानोपुर चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। तेघड़ा एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, और बिहार सरकार के खेल मंत्री व स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

12 घंटे के अंतराल में हुई इन दो घटनाओं ने भगवानपुर थाना क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। मासूम रीतिका की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि बोरे में बंद शव की घटना ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेगूसराय के भगवानपुर में लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती पेश की है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री