Bihar News: निबंधन कार्यालय बना अखाड़ा, रजिस्ट्री के बीच रिश्तेदारों का बवाल, मारपीट से मचा हड़कंप
Bihar News: निबंधन कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया जब जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आ गई।
Bihar News: बेगूसराय के निबंधन कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया जब जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आ गई। सरकारी कामकाज के बीच अचानक हुए इस बवाल ने पूरे परिसर को रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया।
मामला सिंघौल थाना क्षेत्र के महारतपुर गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। संजय सिंह, पिता स्वर्गीय रामेश्वर सिंह, अपनी पत्नी, दो बेटियों और दामाद के साथ मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को जमीन की रजिस्ट्री के लिए निबंधन कार्यालय पहुंचे थे। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन तभी हालात अचानक बिगड़ गए।
आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग, जो रिश्ते में चाचा बताए जा रहे हैं, मौके पर पहुंचे और रजिस्ट्री प्रक्रिया में बाधा डालनी शुरू कर दी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि विवाद हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ खुलेआम बदसलूकी की गई और काम को जबरन रोकने की कोशिश की गई।
इस घटना के बाद निबंधन कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया। तुरंत ही इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि यदि आवेदन मिलता है और आरोपों की पुष्टि होती है, तो कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर रजिस्ट्री जैसे शांतिपूर्ण सरकारी कार्य के दौरान यह पारिवारिक विवाद हिंसक रूप क्यों ले बैठा।
रिपोर्टर :अजय शास्त्री