Bihar Crime: घर ले जाकर किशोरी से यौन उत्पीड़न, इलाक में आक्रोश, दो आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime: यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।...

Begusarai Two Arrested
घर ले जाकर किशोरी से यौन उत्पीड़न- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बेगूसराय में नाबालिग के साथ  यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई बताई जा रही है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है, जबकि घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंचकर पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग करने लगे।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपों के आधार पर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी मामले का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

घर ले जाकर गलत हरकत करने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि दोनों व्यक्ति नाबालिग को अपने घर ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकत की गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने डायल 112 के जरिए पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो लोगों पर गंभीर आरोप, पुलिस कर रही जांच

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में चट्टी रोड, मियां चक, वार्ड संख्या 34 निवासी प्रकाश कुमार, उम्र करीब 45 वर्ष, और राकेश कुमार, उम्र करीब 50 वर्ष, को पकड़ा गया है। दोनों पर नाबालिग के साथ कथित यौन उत्पीड़न में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

एसडीपीओ ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की समीक्षा

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-1 प्रशांत कुमार भी रतनपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की।मीडिया से बातचीत में एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि रतनपुर थाना क्षेत्र में छेड़खानी की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त होने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाने पहुंचे ग्रामीण, निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग

घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए। लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना भी करना पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। पीड़िता की चिकित्सकीय जांच, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- अजय कुमार शास्त्री