Bihar Crime:भागलपुर में गन का खेल, सरेआम हथियार लहराता युवक, फायरिंग से फैली दहशत,वीडियो बना खौफ का सबूत
Bihar Crime: एक युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रहा है मानो कानून को सीधी चुनौती दे रहा हो।
Bihar Crime: बिहार के भागलपुर में इन दिनों एक वायरल वीडियो ने खौफ का माहौल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रहा है मानो कानून को सीधी चुनौती दे रहा हो।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बरारी थाना क्षेत्र का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। लेकिन जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं हाथ में हथियार, चेहरे पर बेखौफ अंदाज और बीच सड़क पर फायरिंग।
वीडियो में युवक न सिर्फ हथियार लहराता दिख रहा है, बल्कि किसी को धमकाते हुए गोली चलाता भी नजर आता है। यह ओपन फायरिंग इलाके में दहशत फैलाने के लिए काफी है। स्थानीय लोग इस घटना के बाद सहमे हुए हैं और अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।न्यू4नेशन वीडियो की पुष्टि नहीं करता लेकिन इस गन शो ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे कोई शख्स इस तरह सरेआम हथियार लेकर घूम सकता है और फायरिंग कर सकता है? क्या कानून का डर खत्म हो चुका है या फिर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं?
हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल यह वीडियो सच है या किसी साजिश का हिस्सा इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। लेकिन इतना तय है कि इस खुलेआम गुंडागर्दी ने भागलपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों के मन में डर और असुरक्षा का एहसास जरूर बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा