Bihar Bomb Threat: डीएम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड की सघन जांच
Bihar Bomb Threat: बिहार में बम धमकियों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ...
Bihar Bomb Threat: बिहार में बम धमकियों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। पहले भागलपुर सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली थी, और अब भागलपुर समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
ईमेल में समाहरणालय परिसर में बम रखे होने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया। समाहरणालय की सुरक्षा तत्काल कड़ी कर दी गई और पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया, जो परिसर के हर हिस्से की सघन तलाशी में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि संदिग्ध सूचना के आधार पर समाहरणालय के प्रत्येक हिस्से की विधिवत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमकी वास्तविक है या शरारती तत्वों की हरकत।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप