Bihar Crime: फोरलेन पर गोलियों की तड़तड़ाहट, युवक की पीठ में अपराधियों ने मारी गोली,हालत गंभीर

Bihar Crime: भोजपुर जिले में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।...

Bhojpur Youth Shot
फोरलेन पर गोलियों की तड़तड़ाहट- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में गुरुवार देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात करीसाथ फोरलेन स्थित बाबा होटल के पास हुई। गोली युवक की बाईं तरफ पीठ में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल की पहचान करीसाथ गांव निवासी हनुमान यादव के करीब 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है। गोली चलने की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को आनन-फानन में आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज जारी है।

घायल संतोष यादव के मुताबिक, वह बाहर रहकर काम करता है। करीब दो दिन पहले किसी बात को लेकर गांव के ही रवि सिंह से फोन पर उसकी बहस हुई थी। संतोष ने बताया कि गुरुवार की शाम वह करीसाथ फोरलेन के पास पान की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और उसकी पीठ में गोली मारकर फरार हो गया। घायल ने दावा किया कि दो दिन पहले फोन पर हुए विवाद को लेकर ही उस पर हमला किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। ओपी प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस गोलीकांड के पीछे की असली वजह और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

घायल का इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह के अनुसार गोली बाईं तरफ पीठ में लगी थी और दाईं ओर जाकर फंस गई थी। गोली से लीवर, लंग्स समेत शरीर के कई हिस्से प्रभावित हुए। ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई। फिलहाल संतोष की हालत स्थिर बताई जा रही है।पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और पूछताछ कर रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार