Bihar Crime: मजाक बना हादसा! बिहार के बाढ़ में दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime: बिहार के कोंदी गांव में मजाक के दौरान दोस्त ने दोस्त को गोली मार दी।
Bihar Crime: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के कोंदी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां हंसी-मजाक के दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घबरा गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कुछ युवक आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक दोस्त ने मजाक-मजाक में दूसरे दोस्त के मुंह में गोली मार दी। किसी को अंदाजा नहीं था कि मजाक इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगा।
घायल युवक पटना रेफर
घायल युवक की पहचान कोंदी गांव के रहने वाले राजू कुमार के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 18 साल बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए उसे इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इस घटना के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक साधारण मजाक इतनी खतरनाक स्थिति में बदल गया।
थाना प्रभारी का बयान
पूरे मामले को लेकर पंडारक थाना प्रभारी नवनीत राय ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि किसी भी तरह का मजाक करते समय सावधानी जरूरी है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट।