बाढ़ शराब पार्टी में 4 मौत को प्रेम प्रसंग बताने पर भड़की महिला, सबूत दें अन्यथा पटना ग्रामीण SP पर करेंगी मानहानि केस

पुलिस के इस दावे के बाद सैदपुर के ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। मृतक निशु के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस शराब के मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और मामले को प्रेम प्रसंग का रंग दिया जा रहा है।

Barh Death Case
Barh Death Case - फोटो : news4nation

Bihar News :  बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के खुलासे पर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने गहरी आपत्ति जताई है। पुलिस ने चारों की मौत को प्रेम प्रसंग से जुड़ा हत्या का मामला बताया है, लेकिन अब जिस महिला को इस कथित प्रेम संबंध से जोड़ा गया है, वह खुद कैमरे के सामने आई है और पुलिस के दावे पर सवाल खड़े किए हैं। महिला ने बुधवार को बाढ़ थाना पहुंचकर पुलिस से कथित प्रेम प्रसंग का सबूत मांगा और कहा कि अगर पुलिस के पास कोई प्रमाण नहीं है तो वह अधिकारियों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएगी।

शराब पार्टी के बाद हुई 4 की मौत

मामला पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव का है, जहां 30 अगस्त को चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई थी कि चारों ने जहरीली शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।


चार मौतों के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए FSL टीम को घटनास्थल पर बुलाया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। जाँच के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पटना के नेतृत्व में गठित SIT ने छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधिविरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार उर्फ लाली भी शामिल है। पूछताछ में लाली ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने चारों को शराब पिलाई थी और शराब पिलाने से पहले उसमें जहर मिला दिया था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जहर मिलाए जाने और उससे मौत होने की पुष्टि FSL रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


पुलिस के मुताबिक लाली का मृतक निशु से विवाद था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि निशु के साथ उसकी बहन का प्रेम प्रसंग था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि निशु के साथ मौजूद तीन अन्य युवक भी इस मामले को लेकर लाली को चिढ़ाते थे, जिसके बाद उसने कथित तौर पर चारों को जहर देकर मारने की साजिश रची।

परिजनों में नाराजगी

लेकिन पुलिस के इस दावे के बाद सैदपुर के ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। मृतक निशु के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस शराब के मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और मामले को प्रेम प्रसंग का रंग दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से पूछा कि यदि प्रेम प्रसंग था तो उसके प्रमाण कहां हैं?


इसी बीच जिस महिला को निशु के साथ प्रेम संबंध से जोड़ा गया है, वह भी बाढ़ थाना पहुंची। महिला ने पुलिस से कथित प्रेम संबंध के मोबाइल डिटेल, तस्वीर या अन्य कोई ठोस सबूत सार्वजनिक करने की मांग की। उसका कहना है कि पुलिस ने बिना प्रमाण उसका नाम इस मामले से जोड़कर उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। महिला ने कैमरे पर पुलिस के दावे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर पुलिस प्रेम प्रसंग का कोई सबूत नहीं देती है तो वह संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएगी।


रविशंकर की रिपोर्ट