Bhojpur Crime: दरवाजे पर बारात पहुंचते ही अपराधियों ने शुरु की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो की मौत, कई घायल, जानिए क्या है पूरा मामला
Bhojpur Crime: भोजपुर में दरवाजे पर बारात पहुंचने ही वाली थी कि अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Bhojpur Crime: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला भोजपुर का है। जहां शादी समारोह में दो गुटों के बीच खूनी भिड़ंत हुई है। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। जबिक पांच लोग घायल बताए जा रहा हैं। पूरा मामला भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव का है। जहां रविवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली झड़प के बाद हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो की दर्दनाक मौत
मृतकों की पहचान लहरपा गांव निवासी राहुल कुमार और लवकुश कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अप्पू कुमार, पंकज कुमार, आर्यन (तीनों लहरपा निवासी), और नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव निवासी अक्षय सिंह शामिल हैं। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल और एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
वाहन को लेकर शुरु हुआ विवाद, गोलीबारी तक पहुंचा
प्रत्यक्षदर्शी अक्षय सिंह के अनुसार, लहरपा निवासी कमलेश कुशवाहा की बारात चरपोखरी के काउप गांव से आई थी। द्वारपूजा कार्यक्रम चल रहा था उसी दौरान थार गाड़ी से दो युवक बारात में शामिल होने के लिए आए। गाड़ी को साइड देने के मसले पर विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर गोलीबारी में तब्दील हो गया। जैसे ही थार सवार युवक वहां से जाने लगे अचानक कुछ हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में थार सवार दोनों युवकों की जान चली गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। गोलीबारी के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई, बाराती और साराती जान बचाकर भाग खड़े हुए और द्वारपूजा का कार्यक्रम अधूरा रह गया।
गांव में तनाव का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी परिचय कुमार और एसपी राज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि दो लोगों की मौत और पांच को गोली लगने की पुष्टि हुई है। घटना की जांच की जा रही है और फायरिंग करने वालों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे पूर्व राजनीतिक रंजिश या निजी विवाद की भी संभावना है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट