Bihar Crime: MLC वंशीधर ब्रजवासी को जान से मारने की धमकी, बोले- मेरी हत्या भी हो सकती है

Bihar Crime: विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है।

Bihar MLC Banshidhar Brajwasi Gets Death Threat

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरी पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी ने मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब धमकी देने वाले शख्स और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों की तफ्तीश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए विधान पार्षद  वंशीधर ब्रजवासी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। पोस्ट सामने आने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और विधि-सम्मत कार्रवाई की मांग की। इसके बाद काजी मोहम्मदपुर थाना में केस दर्ज की गई। पुलिस के सामने अब धमकी देने वाले की पहचान करने और पोस्ट की सत्यता की पड़ताल करने की चुनौती है।

वंशीधर ब्रजवासी ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए आशंका जताई है कि उनकी हत्या भी हो सकती है। उनका कहना है कि जिस तरह से सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी दी गई है, उससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, केस दर्ज होने के बाद पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत, पोस्ट करने वाले अकाउंट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल सकती है। साइबर तकनीक के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि धमकी देने के पीछे वास्तविक मंशा क्या थी और क्या इसके पीछे किसी साजिश या आपराधिक नेटवर्क की भूमिका है।

फिलहाल मामला काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है और पुलिस की तफ्तीश के बाद ही धमकी देने वाले की पहचान तथा घटना के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी। विधान पार्षद को मिली धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अगले कदम और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट-नरोत्तम कुमार सिंह