बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

Home  ›  Region  ›  

Bihar Crime News: लेवी नहीं देने पर नवादा में हुई युवक हत्या, अवैध शराब निर्माण से जुड़ा है मामला

Bihar Crime News: लेवी नहीं देने पर नवादा में हुई युवक हत्या, अवैध शराब निर्माण से जुड़ा है मामला

Bihar Crime News:  नवादा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जहां नवादा की एसपी अभिनव धीमान के देखरेख में हत्याकांड के तीसरे आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गोविन्दपुर राजन हत्याकांड के तीसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने देर रात तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपित को रोह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित दिलीप राजवंशी रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव के सरयू राजवंशी का बेटा बताया जाता है। 

वह राजन हत्याकांड के नामजद आरोपितों में है। इससे पूर्व पुलिस ने इस मामले के दो मुख्य आरोपितों को घटना के 24 घंटे के भीतर छापेमारी कर रोह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। इनमें नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के महकार गांव के रामा यादव का बेटा कौशल यादव व इसी थाना क्षेत्र के महरावां गांव के दशरथ महतो का बेटा विकास कुमार उर्फ विकास बेदर्दी शामिल हैं। मामला झारखंड से लगे गोविन्दपुर व रोह की सीमा पर स्थित गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव के आम कोलिवा सरपतिया (अम्बाकोल) जंगल में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या से जुड़ा है। 


मृतक राजन राजवंशी गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर डीह गांव के स्व. रामबिलास राजवंशी का बेटा था। अवैध शराब निर्माण के एवज में लेवी नहीं देने व आपसी प्रतिद्वंदिता में राजन राजवंशी की जंगल में पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी थी। उसका शव 26 सितम्बर की सुबह जंगल से बरामद किया गया था। पुलिस के मुताबिक राजन राजवंशी अवैध शराब निर्माण के धंधे से जुड़ा था।

कुछ लोगों से शराब निर्माण को लेकर उसकी प्रतिद्वंदिता थी और कुछ लोग उससे अवैध शराब निर्माण के एवज में लेवी वसूलते थे। इस मामले में मृतक की पत्नी शोभा देवी के बयान पर गोविन्दपुर थाने में 26 सितम्बर को हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। गोविन्दपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 289/24 में छह लोग नामजद हैं। मामले में 6-7 अन्य अज्ञात भी आरोपित हैं।

नवादा से अमन की रिपोर्ट 

Editor's Picks