Bihar love marriage tension: लव मैरिज से नाराज भतीजी के पति को पटना पुलिस के दारोगा ने मारी गोली, फिर खुद को मारी गोली , इलाके में सनसनी
Bihar love marriage tension: पटना पुलिस में तैनात दारोगा मो. मोबिन नेअपनी भतीजी के पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी।...
Bihar love marriage tension: रिश्तों, गुस्से और खून-खराबे की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार की अहले सुबह पटना पुलिस में तैनात दारोगा मो. मोबिन ने कथित तौर पर अपनी भतीजी के पति सुनील सहनी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दारोगा ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल दारोगा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुनील सहनी ने करीब तीन वर्ष पहले गांव के मो. बिहारी की बेटी सानिया से प्रेम विवाह किया था। दोनों शादी के बाद अहमदाबाद में रहकर नौकरी कर रहे थे। दो दिन पहले ही दंपती अपने गांव लौटे थे। इसके बाद सानिया अपने मायके चली गई, जबकि सुनील अपने घर पर था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दारोगा मो. मोबिन अपनी भतीजी के अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से नाराज चल रहा था। बताया जा रहा है कि मोहर्रम की छुट्टी पर गांव आए दारोगा ने शुक्रवार सुबह फोन कर सुनील को ताजिया और मोहर्रम का खेल देखने के बहाने घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही सुनील बाहर निकला, उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद, जब दारोगा को सुनील की मौत की जानकारी हुई, तो उसने कथित तौर पर अपनी कमर से पिस्टल निकालकर खुद के सिर में गोली मार ली। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जगुनाथ रेड्डी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी है। वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या में अन्य लोगों की संलिप्तता, हमले के घटनाक्रम और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से तहकीकात कर रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या और आत्महत्या के प्रयास सहित पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्तर पर प्रेम विवाह को विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर