Bihar Crime: एक मई को बेटे की शादी… उससे पहले पिता की हत्या, गोदाम में मिली लाश
Bihar Crime: गिफ्ट देने के बहाने बुलाकर गमछे से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया और फिर लाश को गोदाम में छिपाकर पूरी साजिश को दफनाने की कोशिश की गई।....
Bihar Crime:दरभंगा के सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव से एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जहां एक मामूली दुकानदारी की अदावत ने खूनी अंजाम ले लिया। 50 वर्षीय पेंटर बब्लू यादव को गिफ्ट देने के बहाने बुलाकर गमछे से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया और फिर लाश को गोदाम में छिपाकर पूरी साजिश को दफनाने की कोशिश की गई। मंगलवार की शाम का यह मंजर किसी क्राइम फिल्म से कम नहीं था। परिवार के मुताबिक, बब्लू यादव अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। घर में खुशियों का माहौल था एक मई को बेटे की शादी और अगले दिन मटककोर की रस्म होनी थी। लेकिन किसे पता था कि यह खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी।
मृतक के बेटे बिट्टू कुमार के अनुसार, बब्लू यादव का चंदन यादव से पुराना लेन-देन था। पहले वे उससे पेंट का सामान लेते थे, लेकिन जब परिवार ने खुद की दुकान खोल ली, तो यही बात दुश्मनी की वजह बन गई। आरोप है कि चंदन यादव कई बार धमकी दे चुका था और उसी अदावत का अंजाम इस खौफनाक कत्ल में बदल गया।घटना वाले दिन शाम को बब्लू यादव ने घर फोन कर बताया कि वे चंदन के यहां हैं, जहां उन्हें गिफ्ट देने के लिए बुलाया गया है। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को शक हुआ। जब वे दुकान पहुंचे, तो बाहर साइकिल खड़ी मिली, लेकिन दुकान बंद थी यहीं से साजिश की बू आने लगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जब गोदाम का ताला खुलवाया गया, तो अंदर का नजारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था बब्लू यादव की लाश वहीं छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने गमछे से गला दबाकर हत्या की और शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था।
सदर थाना प्रभारी केतन एंगोले और डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, जिस घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं की चीख गूंज रही है एक बाप की मौत ने बेटे की शादी की खुशियों को हमेशा के लिए दफना दिया।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर