Bihar Crime: जाम में धीमी हुई पिकअप तो चोरों ने मारा हाथ, टेलीकॉम सामान उड़ाते एक रंगेहाथ धराया
Bihar Crime: जाम का फायदा उठाकर चोरों ने चलती पिकअप वैन को निशाना बना लिया।...
Bihar Crime: दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में जाम का फायदा उठाकर चोरों ने चलती पिकअप वैन को निशाना बना लिया। वीआईपी रोड स्थित आस्था हॉस्पिटल के पास ट्रैफिक में वाहन की रफ्तार धीमी होते ही बदमाश पिकअप के पीछे चढ़ गए और उसमें लदे एयरटेल कंपनी के वाई-फाई व टेलीकॉम उपकरण के कार्टन नीचे फेंकने लगे। हालांकि चालक और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ रंगेहाथ दबोच लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पिकअप चालक रामबहादुर कुमार के मुताबिक, जाम में वाहन जैसे ही धीमा हुआ, कुछ युवक अचानक पीछे चढ़ गए। चालक की नजर पड़ी तो उसने देखा कि युवक कार्टन नीचे गिरा रहे हैं। शोर मचाने पर उसने तत्काल वाहन रोक दिया। लेकिन तब तक बदमाश तार का एक बंडल और वाई-फाई उपकरण के दो कार्टन लेकर फरार हो चुके थे।घटना के बाद चालक ने आसपास मौजूद लोगों और डिलीवरी टीम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करने के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चाकू और संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद होने का दावा किया गया है।
घटना की इत्तिला मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर लहेरियासराय थाने पहुंचाया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों और चोरी किए गए बाकी सामान के बारे में जानकारी जुटा रही है।पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि पकड़ा गया आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या स्थानीय स्तर पर सक्रिय चोरों के समूह से जुड़ा हुआ है। जाम के दौरान चलती गाड़ियों से सामान उड़ाने की इस वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर