Bihar EOU Raid: सुबह सुबह शिक्षा विभाग के डीपीओ के चार ठिकानों पर छापेमारी, EOU के रेड से मचा हड़कंप
Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध के खिलाफ जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।...
Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध के खिलाफ जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आर्थिक अपराध इकाई ने आज यानी मंगलवार की सुबह किशनगंज में शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर सनसनी फैला दी। आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में जांच एजेंसी ने यह बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज और कटिहार जिले में कुल चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुबह 7 बजे पहुंची EOU की टीम, चार ठिकानों पर छापा
जानकारी के मुताबिक, राजधानी पटना से EOU की आठ सदस्यीय टीम दो गाड़ियों में सवार होकर मंगलवार सुबह करीब 7 बजे किशनगंज पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में रूबी कुमारी के आवासीय भवन पर भी 12 से अधिक अधिकारियों की टीम ने धावा बोला। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
सात साल में 11 जमीनों की खरीद का खुलासा
प्रारंभिक जांच में रूबी कुमारी की संपत्ति को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2018 से 2025 के बीच कटिहार में 11 अलग-अलग स्थानों पर जमीन खरीदने की जानकारी मिली है। इन भूखंडों की खरीद, रजिस्ट्री, भुगतान और निवेश से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।EOU को संदेह है कि अर्जित संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक हो सकती है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला जांच के दायरे में आया है। हालांकि, संपत्ति के वास्तविक मूल्य और उसके वैध स्रोतों का निर्धारण विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
बैंक खातों से निवेश तक खंगाले जा रहे वित्तीय सुराग
छापेमारी के दौरान अधिकारियों की नजर जमीन के कागजात, बैंक खातों, निवेश, संपत्ति के ब्योरे और अन्य वित्तीय लेन-देन पर है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रूप से अर्जित संपत्ति के पीछे कौन-कौन से आर्थिक स्रोत हैं और संपत्ति खरीदने में किन खातों या माध्यमों का इस्तेमाल किया गया।
पति रेलवे में सीनियर TTE, पहले कटिहार में थीं तैनात
रूबी कुमारी वर्तमान में सर्व शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा विभाग में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह करीब तीन वर्षों तक कटिहार में इसी पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।उनके पति गौरव कुमार यादव उर्फ बंटी यादव कटिहार रेल मंडल में सीनियर ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (TTE) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके ससुर मुक्ति यादव कटिहार के मारवाड़ी पाठशाला में प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
छापेमारी जारी, आधिकारिक खुलासे का इंतजार
फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी ने अब तक बरामदगी, जब्ती या तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों का आधिकारिक विस्तृत ब्योरा जारी नहीं किया है। छापेमारी पूरी होने के बाद संपत्तियों, वित्तीय लेन-देन और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
रिपोर्ट- अमन कुमार