Bihar Crime News: दून एक्सप्रेस में छिपाकर ले जाए जा रहे थे 45 कछुए, स्टेशन पर पुलिस ने दबोचा

Bihar Crime News:रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल थाना की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन से 45 जीवित कछुए बरामद किए गए।

Gaya 45 Live Turtles Found Abandoned on Doon Express at Stat
45 कछुए बरामद- फोटो : reporter

Bihar Crime News: गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल थाना  की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन से 45 जीवित कछुए बरामद किए गए। सभी कछुए लावारिस हालत में स्लीपर कोच के बाथरूम के बाहर रखे दो झोलों और एक पिट्ठू बैग में मिले। बरामदगी के बाद कछुओं को सुरक्षित रखते हुए वन विभाग के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, रेसुब पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस टीम और राजकीय रेल थाना गया की संयुक्त टीम गाड़ी संख्या 13010 डाउन ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस की जांच कर रही थी। ट्रेन जब गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रात करीब 8:50 बजे पहुंची, तब टीम ने स्लीपर कोच S-08 की तलाशी शुरू की।

चेकिंग के दौरान बाथरूम के बाहर संदिग्ध हालत में दो झोले और एक पिट्ठू बैग दिखाई दिए। आसपास किसी यात्री के नहीं पहुंचने पर टीम ने सामान की जांच की। बैग और झोलों के भीतर कुल 45 जीवित कछुए पाए गए। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने सभी कछुओं को अपनी सुरक्षा में लिया और सुरक्षित रूप से रेसुब पोस्ट गया लाया गया।

रेलवे सुरक्षा बल के मुताबिक, कछुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए 16 सितंबर को सभी 45 कछुओं को वन विभाग, गया के अधिकृत कर्मचारी एवं वनरक्षी वशिष्ठ कुमार को विधिवत सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस और आरपीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि कछुओं को ट्रेन में कौन लेकर आया था और उन्हें कहां पहुंचाया जाना था। सामान को लावारिस छोड़ने वाले शख्स की पहचान के लिए जांच जारी है। संभावित वन्यजीव तस्करी के पहलू समेत पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपी की पहचान और कछुओं को ले जाने के मकसद का खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार