मैं 112 का हेड हूं... कहकर दुकानदार को धमकाया,UPI ट्रांजेक्शन से हुई पहचान, गाली-गलौज का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR

Bihar Crime: पुलिस आपातकालीन सेवा 'डायल-112 का हेड' बताने वाले एक व्यक्ति ने एक बुजुर्ग दुकानदार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दी।

Gaya Fake 112 Head Booked For Threatening Shopkeeper
'112 का हेड' बताकर नकली पुलिसवाले ने दी धमकी- फोटो : reporter

Bihar Crime: गयाजी जिले के शेरघाटी से दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को पुलिस आपातकालीन सेवा 'डायल-112 का हेड' बताने वाले एक व्यक्ति ने एक बुजुर्ग दुकानदार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, घटना 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। शेरघाटी के जगन्नाथ कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय विनोद कुमार अग्रवाल की हाई स्कूल फील्ड के सामने किराना नाम से दुकान है।

340 की खरीदारी से शुरू हुआ विवाद

दुकानदार के मुताबिक, एक व्यक्ति दुकान पर आया और 340 रुपये का सामान खरीदा। उसने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और दुकान से निकलने लगा। लेकिन उस समय दुकानदार के मोबाइल पर भुगतान का संदेश नहीं पहुंचा। इस पर उन्होंने अपने कर्मचारी लक्ष्मण कुमार से ग्राहक को कुछ देर रोकने को कहा ताकि भुगतान की पुष्टि की जा सके।इसी दौरान कुछ क्षण बाद भुगतान का संदेश आ गया। दुकानदार ने ग्राहक से कहा कि अब भुगतान प्राप्त हो गया है और वह जा सकता है। आरोप है कि इसके बावजूद वह व्यक्ति भड़क गया और दुकान के अंदर घुसकर हंगामा करने लगा।

'112 का हेड' बताकर दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने खुद को 'डायल-112 का हेड' बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने कथित तौर पर दुकान बंद कराने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के समय दुकान में महिला ग्राहक, बच्चे और कर्मचारी भी मौजूद थे। हंगामा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।दुकानदार का कहना है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और वीडियो में कथित अभद्र व्यवहार स्पष्ट दिखाई और सुनाई देता है।

UPI ट्रांजेक्शन से हुई पहचान

घटना के अगले दिन पीड़ित ने बैंक से UPI ट्रांजेक्शन की जानकारी निकाली। उनके अनुसार, इससे आरोपी की पहचान सुनील कुमार, निवासी कृष्णपुरी, शेरघाटी के रूप में हुई। दुकानदार ने पुलिस को आरोपी का नाम, पता, मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करा दी।

पुलिस बोली- आरोपी 112 का कर्मचारी नहीं

पीड़ित की शिकायत के आधार पर 20 जुलाई 2026 को शेरघाटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी शेरघाटी थाना या डायल-112 का कर्मचारी नहीं पाया गया है। यदि उसका किसी अन्य पुलिस इकाई से कोई संबंध सामने आता है तो उसकी भी जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं पीड़ित दुकानदार का कहना है कि इस घटना के बाद उनका परिवार भय के माहौल में है और उन्हें पुलिस व न्यायालय से निष्पक्ष न्याय की उम्मीद है।

रिपोर्ट- प्रेमशंकर