गया के वरिष्ठ चिकित्सक को सोशल मीडिया पर मृत बताने का मामला, साइबर थाने में शिकायत दर्ज

Bihar Crime: गयाजी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ANMMCH के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह को सोशल मीडिया पर झूठा मृत घोषित कर दिया गया...

Gaya  Fake Death Post of Doctor Sparks Cyber Police Investig
गया के वरिष्ठ चिकित्सक को सोशल मीडिया पर मृत बताने का मामला- फोटो : reporter

Bihar Crime:  गयाजी  से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक और अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह को सोशल मीडिया पर झूठा मृत घोषित कर दिया गया। इस फर्जी पोस्ट से मची अफरा-तफरी के बाद डॉ. सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. विनोद कुमार सिंह का आरोप है कि उनके नाम से जुड़े एक फेसबुक पेज पर उनकी मृत्यु की झूठी और भ्रामक खबर प्रसारित की गई। इस फर्जी पोस्ट के वायरल होते ही देश-विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों, चिकित्सकों, मरीजों और शुभचिंतकों के लगातार फोन आने लगे। कई लोग उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए उनके नर्सिंग होम और आवास तक पहुंच गए, जिससे परिवार और परिचितों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डॉ. सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस झूठी खबर से उनकी वर्षों की अर्जित सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। साथ ही उनके परिवार को मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी और उनके नर्सिंग होम की विश्वसनीयता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका पैदा हो गई।

उन्होंने साइबर पुलिस से मांग की है कि फर्जी पोस्ट प्रसारित करने वाले फेसबुक पेज के संचालक, एडमिन और इस भ्रामक खबर को तैयार एवं वायरल करने में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।फिलहाल साइबर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि इस फर्जी खबर के पीछे कौन लोग हैं, उनका उद्देश्य क्या था और उनके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार