Bihar Crime: सेंट्रल जेल के भीतर से बाहर फेंका गया गांजा-गुटखा-इलेक्ट्रॉनिक सामान, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
Bihar Crime: सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल परिसर के भीतर बाहर से संदिग्ध पैकेट फेंके जाने के बाद हड़कंप मच गया।...
Bihar Crime: गया सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल परिसर के भीतर बाहर से संदिग्ध पैकेट फेंके जाने के बाद हड़कंप मच गया। पैकेट की तलाशी में गांजा, खैनी, गुटखा, सिगरेट समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद होने की बात सामने आई है। मामले को लेकर रामपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि जेल की सुरक्षा घेरे को भेदकर प्रतिबंधित सामान किस तरह अंदर पहुंचाया गया और इसे किस कैदी तक पहुंचाना था।
जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर की शाम करीब 4:15 बजे जेल कर्मियों को परिसर के अंदर संदिग्ध पैकेट फेंके जाने की सूचना मिली। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल पैकेट को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। जेल उपाधीक्षक पंकज कुमार चौधरी के समक्ष पैकेट खोला गया तो उसमें करीब 50 ग्राम गांजा और 100 ग्राम खैनी बरामद हुई।
इसके अलावा पैकेट से 6 पैकेट रजनीगंधा, 5 पैकेट विमल गुटखा, 3 पैकेट गोल्ड फ्लेक सिगरेट और 3 पैकेट इलायची भी मिली। तलाशी के दौरान दो डेटा केबल और दो स्मार्टवॉच चार्जर बरामद किए गए। जेल प्रशासन ने बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार कर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर रामपुर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जेल की दीवार के बाहर से पैकेट किसने फेंका और अंदर इसे हासिल करने वाला कौन था। इस वारदात ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इस नेटवर्क और संभावित संलिप्तता का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट- मनोज कुमार