Bihar Crime: एयरपोर्ट बना ड्रग्स का ट्रांजिट हब! थाईलैंड से आई फ्लाइट में हाई प्रोफाइल गांजा जब्त
Bihar Crime: अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एक बार फिर नशे के काले कारोबार का अड्डा बनता नजर आ रहा है।
Gaya: अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एक बार फिर नशे के काले कारोबार का अड्डा बनता नजर आ रहा है। इमीग्रेशन जांच के दौरान करीब 8.5 किलो ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इस ‘इंटरनेशनल ड्रग्स रैकेट’ में शामिल पांच तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ये तस्कर थाईलैंड से थाई एयरएशिया की फ्लाइट से गया पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर जब रूटीन चेकिंग के दौरान उनके सामान पर शक हुआ, तो अधिकारियों ने डीप स्कैनिंग और तलाशी शुरू की। इसी दौरान उनके बैग से भारी मात्रा में हाई-ग्रेड नशीला माल बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया गांजा साधारण नहीं बल्कि हाइड्रोपोनिक क्वालिटी का है, जिसे खास तकनीक से उगाया जाता है और यह हाई-प्रोफाइल ड्रग सर्किट में काफी डिमांड में रहता है। यह पूरा मामला किसी बड़े सिंडिकेट की ओर इशारा कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी का नेटवर्क चला रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 14 मार्च को भी इसी एयरपोर्ट से करीब 10 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया था। लगातार हो रही ऐसी रिकवरी ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल कस्टम विभाग और पुलिस जॉइंट इंटरोगेशन के जरिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस ड्रग्स चैन के पीछे छिपे बड़े चेहरों का खुलासा हो सके। हालांकि, एयरपोर्ट अथॉरिटी और कस्टम अधिकारी इस मामले पर ऑफ द रिकॉर्ड ही बात कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या गया एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करों के लिए नया सेफ कॉरिडोर बनता जा रहा है? या फिर सुरक्षा सिस्टम में कोई ऐसी ‘खामी’ है, जिसका फायदा उठाकर ये ‘ड्रग माफिया’ खुलेआम अपना खेल खेल रहे हैं?
रिपोर्ट- मनोज कुमार