Bihar Crime News: मोहब्बत की आग में गोलीकांड, प्रेम त्रिकोण ने लिया खतरनाक मोड़, सिपाही चालक को मारी गोली

Bihar Crime News: दो शख्स कोतवाली थाना में क्लर्क पद पर तैनात एक महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग में थे। यही मोहब्बत की तकरार धीरे-धीरे रंजिश में बदली और....

gaya Love Triangle Turns Deadly Driver Shoots Constable on D
इश्क, जलन और गोलीकांड- फोटो : reporter

Bihar Crime News: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मोहब्बत, जलन और जुनून ने मिलकर खून-खराबे का रूप ले लिया। गयाजी के परैया थाना के एक निजी चालक ने शहर के कोतवाली थाना में तैनात सरकारी सिपाही चालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जख्मी सिपाही को आनन-फानन में मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

यह सनसनीखेज मामला शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे का बताया जा रहा है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोयरी बारी के पास हुई, जब परैया थाना के प्राइवेट ड्राइवर गौतम कुमार ने कोतवाली थाना के चालक नीरज कुमार पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली नीरज के कंधे में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले की जड़ में एक इश्क का चक्कर है। बताया जाता है कि दोनों ही शख्स कोतवाली थाना में क्लर्क पद पर तैनात एक महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग में थे। यही मोहब्बत की तकरार धीरे-धीरे रंजिश में बदली और आखिरकार गोलीबारी तक जा पहुंची।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर गया सिटी एसपी कोटा किरण ने बताया कि यह पूरा वाकया प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है, वहीं महिला सिपाही से भी पूछताछ जारी है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किस बात ने इस इश्क को इतनी खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। शहर में इस वारदात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, और लोग इसे मोहब्बत का खूनी खेल बता रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्य से पर्दा उठाएगी कि आखिर गोली चलाने की असली वजह क्या थी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार