Bihar Crime News: गयाजी में खौफनाक मर्डर, पैसे के विवाद में युवक को घर से बुलाकर काट डाला,गांव में सनसनी

Bihar Crime News: बदमाशों ने युवक को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।...

Gaya Man Hacked to Death Over Money Dispute
गयाजी में खौफनाक मर्डर- फोटो : reporter

Bihar Crime News:  गयाजी जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के विष्णुगंज गांव में  एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को ख़ौफ़ और सनसनी में डाल दियाबदमाशों ने गौतम यादव को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस ख़ौफ़नाक क़त्ल की ख़बर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में वारदात को लेकर भारी ग़ुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है।

घटना की इत्तला मिलते ही मगध मेडिकल थाना पुलिस फ़ौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की तहकीकात शुरू कर दी। घटनास्थल पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

ग्रामीणों के मुताबिक, इस सनसनीखेज़ हत्या के पीछे करीब दो लाख रुपये के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई।

आरोप है कि  रात करीब दस बजे एक युवक ने गौतम यादव को फोन कर यह कहकर घर से बाहर बुलाया कि रुपये वापस करने हैं। जैसे ही गौतम घर से निकला, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर फ़रार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान अभिषेक कुमार (पिता अनिल सिंह, ग्राम मड़ई), डब्लू कुमार (पिता रामाधार सिंह, ग्राम मड़ई) और सुबोध कुमार (पिता सुरेश यादव, ग्राम बैजू बिगहा) के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की साज़िश, रंजिश तथा अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पूरे मामले की हर एंगल से तफ़्तीश जारी है।

रिपोर्ट- प्रेमशंकर