लुटेरी दुल्हन का सनसनीखेज खेल, शादी के बाद नाश्ते का बहाना, 1.26 लाख लेकर हो गई फुर्र

Bihar Crime: लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ...

Gaya Police Busts Suspected Loot Bride Gang Two Arrested
लुटेरी दुल्हन का सनसनीखेज खेल- फोटो : social Media

Bihar Crime:  गयाजी  शहर में लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के नाम पर ठगी और दुल्हन के फरार होने के आरोप के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि दूल्हा पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मामला उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी हिमेंद्र से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार, वह शादी करने के लिए अपने कुछ साथियों के साथ गया पहुंचा था। आरोप है कि कथित गिरोह के सदस्य उसे गया जंक्शन से हरली (बोधगया) लेकर गए, जहां लड़की दिखाई गई। इसके बाद दोनों की शादी विष्णुपद मंदिर में कराई गई।

हिमेंद्र का आरोप है कि शादी के बाद दुल्हन ने नाश्ता करने की बात कही और अपने एक सहयोगी के साथ वहां से निकल गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के अन्य लोग भी मौके से गायब हो गए। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि शादी कराने के नाम पर उससे 1.26 लाख रुपये लिए गए थे। इसमें शादी के कपड़े, रस्मों और अन्य खर्चों के नाम पर रकम ली गई थी। हिमेंद्र का कहना है कि बाद में उसने दुल्हन के कथित मामा भरत साव और बीरबल यादव को शिक्षा विभाग कार्यालय के पास देखा, जिसके बाद वहां विवाद हो गया।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

टाउन डीएसपी सरोज साह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मामला वास्तव में लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा है या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस शादी कराने वाले लोगों, कथित दुल्हन और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर शादी के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा