पिता ने पीट-पीटकर की बेटी की हत्या, टेबल फैन बन गया मर्डर का हथियार, इलाके में दहशत

Bihar Crime:एक पिता ने अपनी ही मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर डाली। यह वारदात कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुई बताई जा रही है।

Gopalganj Father Kills Daughter with Table Fan
पिता ने पीट-पीटकर की बेटी की हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक ऐसी दर्दनाक ख़बर सामने आई है जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के मुताबिक, एक पिता ने अपनी ही मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर डाली। यह वारदात कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुई बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घर में केवल पिता और पुत्री ही रह रहे थे, क्योंकि कुछ वर्ष पहले बच्ची की मां का साया घर से उठ चुका था। उस दिन पिता ने गुस्से और क्रोध की आग में आकर टेबल फैन को हथियार बना लिया और अपनी नन्हीं बेटी को पीट-पीट कर मौत के मुंह में धकेल दिया। घटना के तुरंत बाद पड़ोसियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कटेया थाना के थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और तुरंत आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टेबल फैन को भी जब्त कर लिया है, जो अब मामले की अहम सबूत के तौर पर थाने में सुरक्षित रखा गया है।

स्थानीय लोग इस वीभत्स घटना को सुनकर सकते में हैं। पड़ोसियों का कहना है कि घर में अक्सर पिता-पुत्री के बीच अनबन रहती थी, लेकिन किसी ने भी यह कहर ढाने वाला कदम कभी नहीं सोचा था। पुलिस अधिकारी भी इसे अत्यंत गंभीर मामला मानते हुए हर पहलू की जांच कर रहे हैं।

कटेया थाना के पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिता ने अपनी बेटी के कथित प्रेम संबंध को लेकर यह क़दम उठाया। पुलिस फिलहाल पूरे घटना क्रम और मानसिक स्थिति की छानबीन कर रही है, ताकि घटना के पीछे का असली सच सामने आ सके।

इस सनसनीखेज वारदात ने न सिर्फ गोपालगंज बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। 

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा