Bihar Crime: गोपालगंज में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, स्कॉर्पियो छोड़ भागे धंधेबाज, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।...
Bihar Crime: गोपालगंज जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस की घेराबंदी के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर फरार धंधेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के नरईनिया नो-एंट्री के पास का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन से विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की।
पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को रोक लिया, लेकिन इसी दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस शराब की मात्रा और उसकी कीमत का आकलन करने में जुटी है।
पुलिस ने जब्त स्कॉर्पियो को थाने लाकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार तस्करों तक पहुंचा जा सके।मीरगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा