लालू परिवार को अपना करीबी बताने वाला भू माफिया गंगदयाल यादव गिरफ्तार, SP ने कसा शिकंजा, इन माफियाओं पर भी गिरेगी गाज

Bihar Crime: खौफ का दूसरा नाम बन चुके कुख्यात भू-माफिया और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले गंगदयाल यादव के साम्राज्य को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है।

Police tightened their grip on Tejaswi close associate
तेजस्वी के खास और खूंखार भू-माफिया गंगदयाल यादव गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime:खौफ का दूसरा नाम बन चुके गोपालगंज का कुख्यात भू-माफिया जो अपने को लालू परिवार का करीबी बताता है। जिसकी कई सारी तस्वीरें राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और लालू यादव के साथ सोशल मीडिया पर वायरल है। उस गंगदयाल यादव के साम्राज्य को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है।  बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की सबसे सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। गोपालगंज पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में न सिर्फ गंगदयाल, को कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के पास पुलिस ने छापेमारी करते हुए कुख्यात आरोपी गंग दयाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गंग दयाल यादव पर पहले भी जमीन विवाद से जुड़े कई गंभीर आरोप लग चुके हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान तीन अन्य संदिग्ध आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। सभी से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि जमीन माफियाओं के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा सके। सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से जमीन कब्जाने और विवाद खड़ा करने के मामलों में सक्रिय था। इस मामले में एक बड़ा राजनीतिक एंगल भी सामने आ रहा है। जानकारी अनुसार गिरफ्तार आरोपी गंग दयाल यादव अपने आप को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का करीबी बताता है। कथित तौर पर रिश्तेदारी का भी दावा किया है आरोपी खुद को पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के रिश्ते में चचेरे मामा बताया है। 

स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में पुलिस की इस पहल को लेकर राहत की भावना देखी जा रही है।

सरकारी सड़क काट डाली, कानून को ठेंगा दिखाया!

गंगदयाल यादव की दबंगई का आलम यह था कि उसने सरकारी काम में बाधा डालने के साथ-साथ सरकारी सड़क तक को काट डाला। जमीन हड़पने की हवस में उसने कानून और प्रशासन की परवाह करना छोड़ दिया था। लेकिन इस बार पुलिस कप्तान के निर्देश पर हुई छापेमारी ने उसके रसूख को मिट्टी में मिला दिया।

मर्डर मिस्ट्री में भी था नामजद

आपको बता दें कि यह गिरफ्तारी सिर्फ जमीन विवाद तक सीमित नहीं है। विगत दिनों जिले में एक लड़की की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। इस जघन्य हत्याकांड में भी गंगदयाल यादव और उसका बेटा मुख्य रूप से नामजद थे। पुलिस काफी समय से इन 'सफेदपोश' अपराधियों की तलाश में थी, और अब जाकर कामयाबी हाथ लगी है।

सावधान! गोपालगंज पुलिस ने जारी की ब्लैक लिस्ट

एसपी गोपालगंज विनय तिवारी ने भू-माफियाओं के खिलाफ आर-पार की जंग छेड़ दी है। जिले के टॉप-6 जमीन जालसाजों की सूची सार्वजनिक की गई है, जो फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को ठगते हैं।

पुलिस की रडार पर योगिन्द्र पंडित (बंजारी), गंगादयाल यादव (नकछेद) - गिरफ्तार, मकुल तिवारी उर्फ डब्लू (कोटवा), सुमित मिश्रा (गौसिया), अन्नु मिश्रा (मौनियां चौक), दीपक तिवारी उर्फ गुर्गा बाबा (हरखुआ) ये भू-माफिया हैं।जनता से अनुरोध है कि जमीन खरीदने से पहले कागजात की गहराई से जांच करें। अगर इन माफियाओं के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत 9031827259 या 9031827299 पर सूचना दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि  जिले में अवैध कब्जा और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।" पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जमीन माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है। गोपालगंज से यह एक बड़ी खबर मानी जा रही है, जो आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे कर सकती है।

इस कार्रवाई से जिले के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अब देखना यह है कि क्या इस पॉलीटिकल कनेक्शन वाले अपराधी पर कानून का शिकंजा और कसेगा?

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा