स्पाइसजेट कर्मचारी ने की खुदकुशी, सुसाइड से पहले इंस्टा पर लिखा- 'अब जीना नहीं चाहती'
इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, "मैं अब जीना नहीं चाहती..."। जब उनके मकान मालिक ने यह स्टेटस देखा, तो वे तुरंत उनके कमरे की ओर भागे, लेकिन तब तक अनहोनी हो चुकी थी।
इसजेट एयरवेज की सुरक्षा कार्यकारी (Security Executive) शिवांगी वर्मा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि कदम उठाने से पहले शिवांगी ने इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, "मैं अब जीना नहीं चाहती..."। जब उनके मकान मालिक ने यह स्टेटस देखा, तो वे तुरंत उनके कमरे की ओर भागे, लेकिन तब तक अनहोनी हो चुकी थी।
बंद कमरे में मिली अचेत अवस्था
घटना एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर सैनिक कुंज इलाके की है। मकान मालिक के बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा खुलवाया, तो शिवांगी बेड पर अचेत पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह पिछले एक साल से इस मकान में किराए पर रह रही थीं।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतका शिवांगी वर्मा मूल रूप से बलिया जिले के अभाव मलिकपुर गांव की रहने वाली थीं। वह चार बहनों और दो भाइयों के परिवार में एक होनहार बेटी थीं। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन गोरखपुर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसे लेकर वे अपने पैतृक गांव बलिया के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
थाना प्रभारी के. पांडे के अनुसार, पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस ने शिवांगी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स व कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इतना आत्मघाती कदम किस मानसिक तनाव या दबाव में आकर उठाया।