Bihar Crime: रक्षाबंधन के दिन बिहार में खौफनाक कत्ल, अपराधियों ने स्वर्ण कारोबारी को मारी तीन गोलियां
Bihar Crime: रक्षाबंधन की रात बेखौफ बदमाशों ने खून की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए।..
Bihar Crime: रक्षाबंधन की रात बेखौफ बदमाशों ने खून की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए। हाजीपुर में तीसीऔता थाना क्षेत्र में बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच अपराधियों ने एक स्वर्ण कारोबारी को घेरकर तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगने से कारोबारी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसका बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और कारोबारियों में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान 32 वर्षीय विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है। विशाल मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया गया कि पिछले करीब आठ वर्षों से वह राम सुरेश चौक स्थित कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे। फूलकुमारी मार्केट में लालबाबू राय की दुकान में उनकी सोने-चांदी की दुकान थी।
घर से 500 मीटर पहले घात लगाकर हमला
रक्षाबंधन के कारण बाजार में काफी भीड़ थी। इसी वजह से विशाल ने रोज की तुलना में दुकान देर से बंद की। इसके बाद वह पैदल अपने किराये के मकान की तरफ लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि घर से महज करीब 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।बदमाशों ने बेहद करीब से विशाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने उनका बैग छीना और फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसों की डोर
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इत्तिला दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विशाल को जंदाहा पीएचसी ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अत्यधिक रक्तस्राव के चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, मासूम बेटा बेसहारा
इस संगीन वारदात ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। विशाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और उनका महज एक महीने का मासूम बेटा है। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर हुई इस हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लूट या सुनियोजित कत्ल? पुलिस खंगाल रही सुराग
वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों में जबरदस्त आक्रोश है। तीसीऔता थानाध्यक्ष राजेश कुमार के मुताबिक, प्रथमदृष्टया मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक का बैग गायब है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।फिलहाल पुलिस वारदात के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। सवाल यह है कि क्या बदमाशों का मकसद सिर्फ लूट था या इस खूनी वारदात के पीछे कोई और साजिश और राज भी छिपा है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस सनसनीखेज कत्ल की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार