महिला ट्रेनी IPS ने लगाया अश्लील वीडियो और मारपीट का आरोप, आरोपी IPS ने की खुदकुशी की कोशिश
एक महिला ट्रेनी IPS अधिकारी ने अपने साथी ट्रेनी IPS उदय कृष्ण रेड्डी पर यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, निजी वीडियो बनाने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।अत्तापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी ट्रेनी IPS ने जहर पीकर खुदकुशी करने की कोशिश की
हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रशिक्षण ले रही एक 30 वर्षीय महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने अपने साथी ट्रेनी आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी पर यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और मारपीट जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला अधिकारी ने इस संबंध में अत्तापुर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे और अकादमी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बाल पकड़कर गला दबाया और बनाया अश्लील वीडियो: पीड़िता के गंभीर आरोप
कॉन्स्टेबल से आईपीएस बनकर चर्चा में आए उदय कृष्ण रेड्डी विवादों में घिर गए हैं। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी उदय कृष्ण रेड्डी काफी समय से उन्हें अश्लील मैसेज भेजता था और तेलुगु में गालियां देता था। आरोप है कि 8 जुलाई को आरोपी ने जबरदस्ती फोन छीनकर उसका पासवर्ड ले लिया। इसके बाद 9 जुलाई की रात जबरन अपने कमरे में ले जाकर महिला अधिकारी के बाल पकड़े, गला दबाने का प्रयास किया और गर्दन पर चाकू रखकर धमकी दी। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने बिना सहमति के उनका निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे उनके पति को भेजकर ब्लैकमेल भी किया।
विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज, आरोपी ने किया सुसाइड का प्रयास
महिला अधिकारी की तहरीर के आधार पर अत्तापुर पुलिस ने आरोपी ट्रेनी आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई संगीन धाराओं (यौन उत्पीड़न, मारपीट, अवैध हिरासत, आपराधिक धमकी) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, मामला दर्ज होने और खबर फैलने के बाद कल शाम आरोपी आईपीएस अधिकारी मोती नगर स्थित अपने दोस्त के घर पहुंचा और जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया पर आरोपी की सफाई और पुलिस की आगे की कार्रवाई
आत्महत्या के प्रयास से पहले आरोपी ट्रेनी आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया। उसने अपने बयान में दावा किया कि उसके खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पूरी तरह से झूठी और बेबुनियाद है तथा उसे देश की न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है। फिलहाल, राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचकर आरोपी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अत्तापुर पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक व कानूनी जांच में जुटी है।