Crime In Bihar: ढाई करोड़ रुपये का iPhone सासाराम में जब्त, आंध्र प्रदेश से नेपाल में खपाने की थी तैयारी
आईफोन तस्करों के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने कार से ढाई करोड़ की कीमत के 217 आईफोन बरामद किए हैं। आगे पढ़िए...
Crime In Bihar: रोहतास पुलिस ने सासाराम के शिवसागर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाई करोड़ रुपये के आईफोन जब्त किए हैं। इस मामले में पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 271 आईफोन, 11 आईफोन घड़ियाँ और 35 एयरपॉड बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामानों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक स्वयं गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रहे हैं और उनकी निशानदेही पर अन्य तस्करों की तलाश जारी है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में से चार उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक तस्कर अररिया जिले का बताया जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) के रास्ते तस्कर आईफोन की एक बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर, पुलिस ने टोल गेट पर वाहनों की जाँच शुरू कर दी। तभी, वहाँ से गुजर रही एक अर्टिगा कार, जिसका नंबर यूपी 62 सीके 1404 है, की तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में आईफोन बरामद हुए और मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
जब पुलिस ने आईफोन के बारे में तस्करों से पूछताछ की, तो वे तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सभी आईफोन अवैध हैं, जिन्हें तस्कर तस्करी के लिए ले जा रहे थे। यह भी ज्ञात है कि सासाराम शहर में बाहर से मोबाइल फोन लाकर उन्हें सस्ते दामों पर बेचा जा रहा है, जिस पर पुलिस की नजर बनी हुई है। पुलिस जल्द ही ऐसे अवैध मोबाइल विक्रेताओ को भी पकड़ेगी।
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि ये तस्कर विजयवाड़ा से आईफोन लेकर आ रहे थे और उन्हें बिहार के रास्ते नेपाल पहुंचाने की योजना थी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आईफोन जब्त किए गए और तस्करों को पकड़ा गया। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है, जिसके बाद उनके नामों का खुलासा किया जाएगा।रोहतास पुलिस,