Bihar Crime: भभुआ से लापता महिला मोहनिया के बंद मकान से बेहोश बरामद, अपहरण की आशंका से मचा हड़कंप, 12 घंटे तक चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

Bihar Crime: महिला के पिता को फोन कर कथित तौर पर "मेरा अपहरण हो गया है" कहने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।...

kaimur Missing Woman Found
बंद मकान से महिला बरामद- फोटो : reporter

Bihar Crime: कैमूर जिले में रहस्यमय ढंग से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद मोहनिया थाना क्षेत्र के एक बंद और सुनसान मकान से बेहोशी की हालत में बरामद किया है। महिला के पिता को फोन कर कथित तौर पर "मेरा अपहरण हो गया है" कहने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद कैमूर पुलिस ने तकनीकी निगरानी, टावर लोकेशन और खुफिया सूचना के आधार पर करीब 12 घंटे तक लगातार सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद महिला का सुराग मिला।

जानकारी के अनुसार, सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी निर्मल बिंद की पुत्री तेतरा देवी 3 जुलाई को भभुआ बाजार खरीदारी करने और बैंक खाते की जांच के लिए आई थीं। बाजार से निकलने के बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर भभुआ थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भभुआ थाना, मोहनिया थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम ने महिला के मोबाइल की टावर लोकेशन के आधार पर खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम कभी झाड़ियों में तो कभी सड़कों पर दौड़ती रही। इस दौरान मोहनिया के वार्ड संख्या 10 और 11 में लगभग 100 से अधिक घरों की तलाशी ली गई।

आखिरकार पुलिस ने एमपी कॉलेज के पीछे स्थित एक बंद और सुनसान मकान में छापेमारी की, जहां महिला अचेत अवस्था में मिली। बरामदगी के बाद स्थानीय पुलिस और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया पहुंचाया गया।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आनंद ने बताया कि महिला को बेहोशी की हालत में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।

भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि महिला के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे मोहनिया थाना क्षेत्र के एमपी कॉलेज के पीछे एक बंद मकान से बरामद किया गया है। महिला अभी अचेत है और उसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि महिला के होश में आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह वहां कैसे पहुंची, उसके साथ क्या हुआ और कथित अपहरण की सच्चाई क्या है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अपहरण, साजिश या किसी अन्य आपराधिक एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। महिला के बयान के बाद ही इस रहस्यमय घटना से पर्दा उठने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- देव तिवारी