घर के आगे बच्चों की पढ़ाई, पीछे चोरों का खेल, मोहनिया में दिनदहाड़े लाखों के जेवर साफ, गोदरेज तोड़कर ले गए 8 लाख का माल
Bihar Crime:बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।...
Bihar Crime: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस वक्त चोर घर के अंदर वारदात को अंजाम दे रहे थे, उसी समय मकान के आगे वाले कमरे में महिला अपने बच्चों को पढ़ाने में व्यस्त थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला मंजू चौधरी, पति मनोज कुमार, अपने घर के टीवी रूम में बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के दूसरे हिस्से में दाखिल हो गए और बड़ी चालाकी से गोदरेज का ताला तोड़ दिया।चोरों ने अलमारी में रखे कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, चोरी गए सामानों में मांग टीका, नथिया, तीन तल्ला झुमका, तीन सोने की अंगूठियां समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं। चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। चोरी की जानकारी उस वक्त हुई जब महिला के पति मनोज कुमार भभुआ से घर वापस लौटे। उन्होंने कमरे में सामान बिखरा हुआ और खाली डिब्बे देखकर पत्नी से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।घर के अंदर चोरी की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में महिला सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है।
स्थानीय जिला पार्षद गीता पासी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार मिल कारोबार से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हुई चोरी की इस वारदात से इलाके के लोगों में डर का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के उजाले में घर में घुसकर चोरी करना अपराधियों के बढ़ते हौसले को दिखाता है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
वहीं, मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने मोहनिया में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट-देव तिवारी