Bihar Crime: बिहार में बच्चों के झगड़े में एसिड अटैक, एक बच्चा झुलसा, खेल का मैदान बना खौफ का मंजर

Bihar Crime: बांस की फट्टियों से खेल रहे बच्चों के बीच मामूली धक्का-मुक्की और कहासुनी ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि...

Katihar Child Injured in Acid Attack After Playground Clash
बच्चों के झगड़े में एसिड अटैक- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांस की फट्टियों से खेल रहे बच्चों के बीच मामूली धक्का-मुक्की और कहासुनी ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि पूरा इलाका सन्न रह गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के बाद गुस्से में तमतमाया एक बच्चा घर की ओर भागा और कुछ ही देर में तेजाब लेकर लौट आया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने 10 वर्षीय रोहन कुमार पर तेजाब फेंक दिया। पलभर में खेल का मैदान चीख-पुकार से गूंज उठा। रोहन का चेहरा और सीना बुरी तरह झुलस गया।कटिहार जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपुर शंकर बेलवारीगंज में एक मासूम खेल अचानक दर्दनाक वारदात में तब्दील हो गया। 

घायल बच्चे को आनन-फानन में कटिहार सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए पहले भागलपुर मेडिकल कॉलेज और फिर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। रोहन के पिता बाहर मजदूरी करते हैं और परिवार पहले से आर्थिक तंगी में है। मां सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से ज्यादा बेटे की जिंदगी बचाने को प्राथमिकता देते हुए आरोपी पक्ष से इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की है।

हैरानी की बात यह भी है कि तेजाब फेंकने वाला बच्चा खुद भी छींटों से झुलस गया। गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा है। लोग हैरान हैं कि आखिर बच्चों की पहुंच में तेजाब जैसी खतरनाक चीज आई कैसे? क्या घरों में रखे रसायनों पर कोई निगरानी नहीं?

यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि सामाजिक लापरवाही का आईना भी है। सवाल साफ है क्या हम अपने घरों में ऐसे खतरनाक पदार्थों की सुरक्षा को लेकर सचेत हैं, या किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रहे हैं?

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह