Bihar Crime: कटिहार में हिरासत में मौत पर बवाल, शव रखकर सड़क किया जाम, परिजनों ने उत्पाद विभाग पर लगाया पिटाई का आरोप

Bihar Crime: कटिहार में शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ...

Katihar Custodial Death Row Sparks Protest Family Seeks Just
हिरासत में मौत पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: कटिहार में शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी ओपी का घेराव किया और मुआवजे के साथ न्याय की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान कोलासी ओपी क्षेत्र के मतवा टोला निवासी बाबूलाल मुंडा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी के आरोप में बाबूलाल मुंडा को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। उनका कहना है कि हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों के अनुसार, जेल में हालत गंभीर होने के बाद बाबूलाल मुंडा को इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

गुस्साए लोगों ने शव को कोलासी ओपी थाना के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कटिहार-कोढ़ा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बाबूलाल मुंडा की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि हिरासत में कथित पिटाई के कारण हुई है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई।

घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और कई घंटों से जाम पड़े कटिहार-कोढ़ा मार्ग पर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, हिरासत में मौत के आरोपों ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है।

रिपोर्ट-श्याम कुमार सिंह