Bihar Crime: शराबबंदी वाले राज्य में तस्करी के दारु का ट्रेलर देखते ही टूट पड़ी भीड़, बोतलें लेकर भागे लोग

Bihar Crime: ट्रेलर में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब होने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर शराब की बोतलें उठानी शुरू कर दीं।

Khagaria Liquor Laden Tractor Triggers Loot Police Seize It
तस्करी की शराब पर भीड़ का धावा- फोटो : reporter

Bihar Crime: खगड़िया नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर स्थित ज्ञानी चौक के पास गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सड़क किनारे शराब लदे एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रेलर को देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रैक्टर-ट्रेलर में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब होने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर शराब की बोतलें उठानी शुरू कर दीं। देखते ही देखते मौके पर शराब की लूट मच गई और लोग बोतलें लेकर इधर-उधर भागने लगे।

मामले की भनक पुलिस को लगी तो पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। इसके बाद नगर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शराब लदे ट्रैक्टर-ट्रेलर को कब्जे में ले लिया।पुलिस ने वाहन के साथ शराब की पूरी खेप को जब्त कर लिया है। अब जांच इस बात की हो रही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लेकर ट्रैक्टर-ट्रेलर खगड़िया कैसे पहुंचा और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता के मुताबिक पुलिस ट्रैक्टर मालिक, शराब तस्करों के साथ-साथ शराब की बोतलें लेकर भागने वाले लोगों की पहचान में जुटी है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, किसके जरिए लाई गई और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। वाहन के मालिक और शराब तस्करी से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के घेरे में है।वहीं, शराब मिलने के बाद मौके से बोतलें लेकर भागने वाले लोगों की करतूत भी अब पुलिस के रडार पर है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाए। शराब की बोतलें लेकर भागते लोगों के ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे हैं।पुलिस इन वायरल वीडियो को जांच का अहम आधार बना रही है। वीडियो फुटेज को खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की बोतलें लेकर कौन-कौन लोग मौके से फरार हुए थे।अगर वीडियो के जरिए आरोपितों की पहचान होती है तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब से लदा ट्रैक्टर-ट्रेलर आखिर ज्ञानी चौक के पास क्यों खड़ा था। क्या तस्कर पुलिस की भनक लगते ही वाहन छोड़कर फरार हो गए या शराब की खेप को किसी दूसरी जगह पहुंचाने की तैयारी थी?फिलहाल पुलिस ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रेलर के मालिक का पता लगाने के साथ शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटाई जा रही है।एक तरफ पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क का सिरा पकड़ने में जुटी है, तो दूसरी तरफ शराब की बोतलें लेकर भागने वालों की पहचान भी पुलिस के लिए नई चुनौती बन गई है। वायरल वीडियो और मौके से जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर अब पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

रिपोर्ट- अमित कुमार