Bihar Crime: मधेपुरा वायरल वीडियो पर कसा शिकंजा, पुलिस बोली- छेड़खानी की खबर बेबुनियाद, परीक्षा के बाद छात्रों में हुई थी तकरार

Bihar Crime: मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।अफवाहें बाजार में गर्म थीं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति ....

Madhepura Viral Video
मधेपुरा वायरल वीडियो पर कसा शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें बाजार में गर्म थीं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 सितंबर 2026 की है, जब अर्द्धवार्षिक परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने घरों की तरफ लौट रहे थे। विद्यालय के बाहर एक युवक द्वारा मोटरसाइकिल खड़े करने और छात्रों द्वारा पूछताछ करने के दौरान यह मामूली विवाद उत्पन्न हुआ था। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया और वहां से सुरक्षित रवाना किया।

प्रशासन ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया है कि इस हंगामे के दौरान किसी भी प्रकार की छेड़खानी या कोई गंभीर अप्रिय घटना नहीं घटी है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर इस वीडियो को गलत रंग देकर सनसनी फैलाई जा रही है। वीडियो में शामिल सभी नाबालिग बच्चों की शिनाख्त कर ली गई है और उनके अभिभावकों को नोटिस भेजकर किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट) के तहत विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखे हुए है।

बता दें जमुई और समस्तीपुर की शर्मनाक घटनाओं की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब मधेपुरा जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। राज्य में न तो स्कूल सुरक्षित हैं और न ही सड़कों पर चलने वाली बेटियां। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में अपग्रेड हाई स्कूल उदा के आसपास का यह मामला है। स्कूल के बाहर कुछ  लफंगा किस्म के बच्चे और युवक एक छात्रा और उसके साथ मौजूद छात्र को घेर लेते हैं। पहले तो दोनों से तीखे सवाल-जवाब किए जाते हैं और एकांत में खड़े होने पर आपत्ति जताई जाती है। बात जब बढ़ती है तो भीड़ में शामिल दबंग बच्चे छात्रा की बाइक की चाबी  जबरन छीन लेते हैं।जब छात्रा ने अपनी चाबी वापस मांगी, तो इन मनचलों ने देने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते मामूली पूछताछ का यह सिलसिला तीखी कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की व हाथापाई में बदल गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे अकेली छात्रा कई लड़कों के बीच घिरी हुई है और आसपास कुछ महिलाएं और तमाशबीन लोग वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद जहां एक तरफ लोग हैरान हैं, वहीं स्कूल प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। अपग्रेड हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने दावा किया है कि स्कूल परिसर के अंदर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हालांकि, स्कूल के ठीक बाहर इस तरह का तांडव होने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई है।वहीं, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पुलिस के पास यह वीडियो पहुंच चुका है और इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे चेहरों की शिनाख्त कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस विवाद की असल वजह क्या थी।