Bihar Crime: एक करोड़ के सोने का झांसा,19 लाख की लूट, बिहार पुलिस के हत्थे चढ़ा मास्टरमाइंड पूर्व मुखिया
Bihar Crime: लंबे समय से फरार चल रहे सात हजार रुपये के इनामी पूर्व मुखिया को बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में सस्ते सोने का लालच देकर उत्तर प्रदेश के एक स्वर्ण व्यवसायी से 19 लाख रुपये लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे सात हजार रुपये के इनामी और साहेबगंज के माधोपुर हजारी पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अरेराज डीएसपी रवीं कुमार के नेतृत्व में गोविन्दगंज थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर की।
पुलिस ने पूर्व मुखिया अनिल राय को उसके गांव माधोपुर हजारी से दबोच लिया। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने उसकी गिरफ्तारी पर सात हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस जांच में वारदात की साजिश और लूटकांड में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, साहेबगंज निवासी चंदन सिंह ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मूंगड़ा बादशाहपुर थाना क्षेत्र निवासी स्वर्ण व्यवसायी मोहन गुप्ता से संपर्क कर सस्ते दाम पर सोना बेचने का झांसा दिया था। दोनों के बीच करीब एक करोड़ रुपये के सोने का सौदा तय हुआ। इसके बाद मोहन गुप्ता अपने दो साथियों के साथ 19 लाख रुपये नकद लेकर अरेराज पहुंचे, जहां पहले से रची गई साजिश के तहत उन्हें रढ़िया गांव निवासी अमरेश पांडेय के घर ले जाया गया।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही बदमाशों ने व्यवसायी और उसके साथियों के साथ मारपीट की, 19 लाख रुपये नकद छीन लिए और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। घटना के बाद पीड़ित ने गोविन्दगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने पहले ही इस मामले में सुरेंद्र दास, अमरेश पांडेय और चंदन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस ने लूटी गई रकम का हिस्सा और नकली सोने का बिस्कुट भी बरामद किया था।
अब पूर्व मुखिया अनिल राय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे गिरोह की परतें खोलने में जुटी है। जांच में पांच अन्य अज्ञात आरोपितों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे लूटकांड में शामिल सभी आरोपितों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार