Bihar Crime:साइबर फ्रॉड को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर सरपंच पत्नी ने कराया हमला! SI समेत 4 जख्मी, 10 गिरफ्तार

Bihar Crime:साइबर फ्रॉड के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर सरपंच की पत्नी के इशारे पर हमला करा दिया गया।...

Motihari Sarpanch Wife Leads Attack on Police Team 4 Injured
पुलिस टीम पर सरपंच पत्नी ने कराया हमला!- फोटो : X

Bihar Crime: साइबर फ्रॉड के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर सरपंच की पत्नी के इशारे पर हमला करा दिया गया। इस हमले में एक सब-इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी जख्मी जवानों को तत्काल स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया है।बिहार के मोतीहारी से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है। 

घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र के दुदही गांव की बताई जा रही है। रविवार रात हरसिद्धि थाना पुलिस साइबर फ्रॉड के एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही आरोप है कि सरपंच की पत्नी ने महिला समूह के साथ मिलकर टीम पर हमला बोल दिया। ईंट-पत्थर और धक्का-मुक्की में एक सब-इंस्पेक्टर, एक महिला सिपाही और दो अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

सूचना मिलते ही अरेराज के डीएसपी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात पर काबू पाते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में सरपंच पत्नी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान झुना कुमार, सुमन कुमार, शिव शंकर साहनी, छठी कुमारी, अंतिमा कुमारी, उमा देवी, ललिता देवी, राजनंदनी कुमारी, सुनीता कुमारी और अंशु कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक साइबर अपराध के खिलाफ अभियान तेज किया गया है और कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह घटना न केवल साइबर अपराध की जड़ें गहरी होने का संकेत देती है, बल्कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों पर हमले की गंभीरता भी उजागर करती है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार