Bihar Crime:कॉलेज गेट पर खूनी खेल, परीक्षा देकर निकले छात्र की चाकू मारकर हत्या, इलाके में हड़कंप

Bihar Crime:परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकल रहे एक छात्र की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई।...

परीक्षा देकर निकले छात्र की चाकू मारकर हत्या
परीक्षा देकर निकले छात्र की चाकू मारकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime:परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकल रहे एक छात्र की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई।  मोतीहारी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकल रहे एक छात्र की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई।

घटना कोटवा थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलेज की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मृतक छात्र कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवापुर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे ही छात्र कॉलेज गेट से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए दूसरे छात्र ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमला इतना अचानक और खौफनाक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। कॉलेज परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और छात्र-छात्राएं जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घायल छात्र को तत्काल साथी छात्रों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के घर खबर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।स्वर्ण प्रभात ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि यूट्यूब पर वीडियो अपलोड करने को लेकर दोनों छात्रों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्र की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और कॉलेज परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शिक्षण संस्थान कब तक हिंसा और गैंगवार का अड्डा बनते रहेंगे? जहां किताब और परीक्षा की बात होनी चाहिए, वहां अब चाकू और खून की कहानी लिखी जा रही है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार