Bihar Crime: भैंस नहलाने के पानी पर खूनी तकरार, चाकूबाजी में महिला समेत दो की मौत
Bihar Crime: भैंस नहलाने के दौरान सड़क के आसपास बह रहे पानी को लेकर दो पड़ोसियों के बीच पहले कहासुनी हुई।फिर......
Bihar Crime: मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में मामूली विवाद ने बुधवार की देर रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। भैंस नहलाने के दौरान सड़क के आसपास बह रहे पानी को लेकर दो पड़ोसियों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट के बाद चाकूबाजी शुरू हो गई। इस वारदात में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इलाज के दौरान महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार शाम भैंस नहलाने के दौरान पानी बहने को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उस वक्त मामला शांत करा दिया। लेकिन देर रात विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई चाकूबाजी से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में एक महिला और दो पुरुष गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजन तीनों घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक पुरुष को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीसरे घायल का उपचार जारी है।
दो मौतों की खबर से गांव में तनाव का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही पताही थाना पुलिस जिहुली गांव पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस गांव में कैंप कर रही है तथा पूरे मामले की तफ्तीश और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है। मामूली विवाद के खूनी अंजाम से इलाके में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार