मुंगेर के आयुक्त कार्यालय में निगरानी का छापा, रिश्वत लेते दबोचा गया पेशकार, मचा हड़कंप

Bihar vigilance raid: निगरानी विभाग की टीम ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में छापेमारी कर 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते हुए एक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।..

Munger Commissioner Office Raided Clerk Caught Taking Bribe
आयुक्त कार्यालय में निगरानी का छापा- फोटो : social Media

Munger: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। निगरानी विभाग की टीम ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में छापेमारी कर पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पेशकार एक कोर्ट केस में काम कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले की गुप्त जांच की और फिर एक सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

इस कार्रवाई के बाद आयुक्त कार्यालय में अफरा-तफरी और खलबली का माहौल बन गया। सरकारी दफ्तर में इस तरह की गिरफ्तारी ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

निगरानी विभाग की यह कार्रवाई मुंगेर में अपनी तरह की पहली बड़ी ट्रैप ऑपरेशन मानी जा रही है, जिसने यह साफ संदेश दिया है कि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई न केवल भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त संदेश देती है, बल्कि आम जनता के बीच प्रशासन के प्रति भरोसा भी मजबूत करती है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आते हैं या यह कार्रवाई सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित रह जाती है। फिलहाल, निगरानी विभाग की इस सख्त कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि कानून का शिकंजा कसने लगा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग तेज हो चुकी है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान