Bihar Crime: घर के बाथरूम में चल रहा था स्मैक पैकेजिंग का धंधा, तीन तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया है।

 Smack Packaging
नशे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime:  नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया है। मुंगेर जिले में  तारापुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया में एक घर के बाथरूम के अंदर स्मैक की पैकेजिंग और तौल का अवैध धंधा चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 51.40 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद किए हैं।घर के बाथरूम में नशे का कारोबार संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में भी इस कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, तारापुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नवटोलिया निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू अपने घर से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का कारोबार चला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।इसके बाद एसडीपीओ तारापुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस जवानों ने चिह्नित घर की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की। इस दौरान घर के बाथरूम में तीन लोग स्मैक की पैकेजिंग करते हुए मिले। पुलिस टीम को देखते ही तीनों आरोपितों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर उन्हें दबोच लिया।

तीन तस्कर गिरफ्तार, 51.40 ग्राम स्मैक समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नवटोलिया निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू, मानिकपुर निवासी अरुण तांती और धौनी निवासी रोहित कुमार के रूप में की है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 51.40 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, तीन मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, चार लाइटर और स्मैक की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली एल्युमिनियम फॉयल भी जब्त की गई है।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशे के अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। बरामद सामान से आशंका जताई जा रही है कि वहां मादक पदार्थों की तौल और पैकेजिंग का काम किया जा रहा था।

पूछताछ में आरोपितों ने कबूला कारोबार, खुद भी करते थे नशे का सेवन

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घर में मादक पदार्थों की पैकेजिंग, तौल और बिक्री करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों आरोपित खुद भी नशे का सेवन करते थे।इस मामले में तारापुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।

पुलिस खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क, अन्य लोगों की भूमिका की जांच

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। साथ ही मोबाइल फोन और अन्य बरामद सामान के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।मुंगेर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े और कितने चेहरे बेनकाब होते हैं

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान