मोकामा में खूनी संघर्ष, कुदाल से हमला कर उतारा मौत के घाट, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के अनुसार विवाद जमीन पर लगी फसल की कटाई को लेकर हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
Murder in Mokama : पटना जिले के मोकामा में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष का एक मामला मंगलवार को सामने आया। मोकामा थाना क्षेत्र के साहवेगपुर वार्ड संख्या 22 में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच हुई मारपीट में कुदाल से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, विवाद जमीन पर लगी फसल की कटाई को लेकर हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान राजीव नामक व्यक्ति पर कुदाल से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच चार कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
एक दिन में बाढ़ अनुमंडल में दो हत्या
गौरतलब है कि बाढ़ अनुमंडल में मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
महिला की गोली मारकर हत्या
पहली घटना बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र के मेऊरा गांव में मंगलवार सुबह हुई जिसमें एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान मीरा देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, वह सुबह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।
बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट